JAMSHEDPUR : निखार सबलोक हत्याकांड में पुलिस की बड़ी कामयाबी, मुख्य साजिशकर्ता सिंटू सिंह कानपुर से गिरफ्तार, एक साथी भी हिरासत में, शूटरों तक पहुंचने के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी, अमरनाथ गिरोह से जुड़ा रहा सिंटू जेल से निकलने के बाद अखिलेश गिरोह के संपर्क में आया था, हत्या के लिए बिहार से शूटर बुलाने का आरोप...... पढ़े पूरी खबर


Publish Date: Mon, 31 Aug 2026 10:00 AM (IST)


 

जमशेदपुर : कदमा के होटल कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में जुटी जमशेदपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने हत्याकांड के मुख्य साजिशकर्ता बताए जा रहे मानगो निवासी अभिमन्यु सिंह उर्फ सिंटू सिंह को उत्तर प्रदेश के कानपुर के पास से गिरफ्तार कर लिया है। उसके एक साथी को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर हत्याकांड में शामिल शूटरों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है। पुलिस की लगातार छापेमारी से जल्द ही पूरे मामले का खुलासा होने की उम्मीद है।

बिहार से बुलाए गए थे शूटर, सप्ताहभर की गई थी निखार की रेकी.......

पुलिस जांच में सामने आया है कि निखार सबलोक की हत्या की साजिश पहले से रची गई थी। हत्या को अंजाम देने के लिए बिहार से शूटर बुलाए जाने की बात सामने आई है। शूटरों ने निखार की करीब एक सप्ताह तक रेकी की थी। रेकी के लिए सेकेंड हैंड लाल रंग की कार खरीदी गई थी। पुलिस ने शूटरों द्वारा इस्तेमाल की गई इस कार को रांची के मेसरा इलाके से लावारिस हालत में बरामद किया था. निखार सबलोक की 24 अगस्त को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। कदमा के विजय हेरिटेज फेज-6 निवासी निखार होटल कारोबार से जुड़े थे। मामले में उनके पिता संजीव सबलोक ने चांडिल थाने में अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया था।

जेल से निकलने के बाद बदला ठिकाना, गिरोह और कारोबार का विस्तार.......

पुलिस के अनुसार, अभिमन्यु सिंह उर्फ सिंटू सिंह का आपराधिक इतिहास रहा है। वह पहले अमरनाथ सिंह गिरोह से जुड़ा था। जेल से बाहर आने के बाद उसने अखिलेश सिंह गिरोह से हाथ मिला लिया। पुलिस द्वारा तड़ीपार किए जाने के बावजूद वह कपाली इलाके में रहकर अपना गिरोह संचालित कर रहा था. सिंटू सिंह का चांडिल-कपाली के अलावा एमजीएम थाना क्षेत्र और हाईवे किनारे जमीन के कारोबार से भी जुड़ाव बताया गया है। उसके खिलाफ फायरिंग, रंगदारी और आर्म्स एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं।

गुड्डू पांडेय से भी रहा विवाद, घर में घुसकर हुई थी फायरिंग.....

सिंटू सिंह का मानगो के शातिर अपराधी गुड्डू पांडेय से भी विवाद रहा है। पूर्व में दोनों के बीच विवाद हुआ था। वर्ष 2024 में गुड्डू पांडेय को धमकी देने के बाद सिंटू अपने साथियों के साथ उसके घर पहुंचा और फायरिंग की थी। बताया गया कि सिंटू घर के अंदर तक घुस गया था और कमरे में भी गोली चलाई थी। करीब 20 मिनट तक उत्पात मचाने के बाद वह अपने साथियों के साथ मोटरसाइकिल और स्कूटी से फरार हो गया था।

एमजीएम के गोकुलनगर से दो युवक गिरफ्तार, हथियार और रुपये बरामद......

हत्याकांड की जांच के दौरान पुलिस ने शनिवार देर रात एमजीएम थाना क्षेत्र के गोकुलनगर रोड नंबर-3 में छापेमारी कर दो युवकों रितेश सिंह और समीर गोराई को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इनके पास से पिस्टल और रुपये बरामद किए हैं। दोनों से चांडिल थाना में पूछताछ की जा रही है. पुलिस के मुताबिक, रितेश सिंह शातिर अपराधी सिंटू सिंह का रिश्तेदार बताया जा रहा है। पुलिस सिंटू समेत गिरफ्तार दोनों युवकों से पूछताछ कर उनकी निशानदेही पर शूटरों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

अशोक सिंह के तीन सहयोगियों को पूछताछ के बाद छोड़ा.......

पुलिस ने पांच दिनों तक पूछताछ के बाद अशोक सिंह राघव के सहयोगियों समीर रजक, लवकुश और साधु को छोड़ दिया है। वहीं, पूछताछ के लिए हिरासत में लिए गए सोनारी खुंटाडीह निवासी अशोक सिंह राघव का टीएमएच में इलाज चल रहा है। उसकी तबीयत में सुधार बताया गया है।

सोशल मीडिया पोस्ट ने भी बढ़ाई पुलिस की सक्रियता....

हत्याकांड के बाद सोशल मीडिया पर निखार सबलोक की हत्या की जिम्मेदारी लेने संबंधी पोस्ट करने वाले बिरसानगर निवासी भवानी सिंह की तलाश में भी पुलिस जुटी है। रविवार को ईचागढ़ पुलिस ने बिरसानगर और सिदगोड़ा थाना की मदद से उसके घर समेत संभावित ठिकानों पर छापेमारी की, लेकिन वह हाथ नहीं आया। उसका मोबाइल बंद बताया जा रहा है. पुलिस के अनुसार, भवानी सिंह गैंगस्टर अखिलेश सिंह गिरोह के बलवीर सिंह के साथ रहता है। शनिवार को सोशल मीडिया पर उसने कमेंट में निखार की हत्या अपने लोगों से करवाने की बात कही थी। कमेंट वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है।

मोबाइल नंबर बना गिरफ्तारी की कड़ी.....

पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि फरारी के दौरान सिंटू सिंह ने अपना मोबाइल बंद कर रखा था। इसी बीच उसने एक अनजान नंबर से अपने रिश्तेदार को फोन किया। पुलिस ने उसी मोबाइल नंबर को ट्रेस करते हुए सिंटू तक पहुंच बनाई और कानपुर के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया।

अब शूटरों पर शिकंजा कसने की तैयारी......

सिंटू सिंह की गिरफ्तारी के बाद पुलिस के हाथ हत्याकांड की साजिश से जुड़े अहम सुराग लगने की उम्मीद है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के साथ-साथ उनकी निशानदेही पर संभावित शूटरों और हथियारों की तलाश में छापेमारी कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि मुख्य साजिशकर्ता तक पहुंचने के बाद अब हत्या की पूरी कड़ी—साजिश, शूटर, हथियार और वारदात की वजह—का खुलासा जल्द हो सकता है।

By News Flash


ताज़ा ख़बरे


JAMSHEDPUR : सोनारी में गौशाला में अचानक लगी आग, मची अफरा-तफरी, शॉर्ट सर्किट की आशंका

  22 Aug 2026


कदमा फायरिंग कांड : मुख्य आरोपी अनिल सोना व कृष्णा सोना जेल भेजे गए, देसी कट्टा व कारतूस बरामद

  05 Jul 2026


टिनप्लेट गुरुद्वारा कमेटी का विस्तार, नई टीम के साथ विकास को मिलेगी नई गति

  19 Jun 2026


JAMSHEDPUR : घरेलू विवाद में महिला की हत्या, पति गिरफ्तार

  10 Jun 2026


IPL के जनक का बड़ा खुलासा : दाऊद के डर से छोड़नी पड़ी क्रिकेट की दुनिया!

  06 Jun 2026


गोलमुरी फायरिंग और रंगदारी मामले में पुलिस को मिली बड़ी सफलता, पुलिस ने मुख्य आरोपी को कोलकाता से दबोचा

  01 Jun 2026


सोनारपुर में अभिषेक बनर्जी के दौरे पर हंगामा, हिंसा प्रभावित क्षेत्र में विरोध प्रदर्शन के बीच फेंके गए अंडे और पत्थर, सुरक्षा कर्मियों ने हेलमेट पहनाकर सुरक्षित बाहर निकाला.....

  31 May 2026


JAMSHEDPUR : बागबेड़ा में खरकई नदी से युवक का शव बरामद, नहाने के दौरान डूबने की आशंका....

  30 May 2026


JAMSHEDPUR : एनएच-33 पर भीषण सड़क हादसा, ट्रेलर-पिकअप वैन व स्विफ्ट कार में जोरदार टक्कर

  20 May 2026


BREAKING : बंगाल में देर रात बवाल, टीएमसी TMC दफ्तर चला बुलडोजर... पढ़े पूरी खबर

  06 May 2026

सब्सक्राइब करें न्यूज़ फ़्लैश के डेली न्यूज़लेटर

Follow Us

            
free HitCounter

Copyright © 2023 News Flash Jharkhand. All Rights Reserved.